रात भर चले प्रयासों के विफल होने के बाद आखिरकार प्रेमी युगल ने गंगनहर कोतवाली के बाहर बने मंदिर में शादी कर ली। इससे पहले पुलिस ने युवती को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया था। जहां युवती ने अपने बालिग होने तथा प्रेमी से शादी करने की बात कही थी। मजिस्ट्रेट ने बालिग होने पर उसे खुद ही फैसला करने के आदेश दिए थे।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी निवासी एक युवती अपने प्रेमी के साथ शादी करने पर अडिग थी जबकि परिजन विरोध कर रहे थे। विवाद की सूचना पर पहुंची गंगनहर पुलिस युवती को अपने साथ कोतवाली ले आई थी।
देर रात दोनों पक्षों में वार्ता चलती रही। वहीं युवती प्रेमी के साथ शादी करने की बात पर अड़ी रही जिसके बाद गंगनहर पुलिस ने उसे बुधवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
पुलिस की मानें तो युवती ने अपने बालिग होने और प्रेमी के साथ शादी करने की बात कहीं थी जिस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उसे उसकी मर्जी से कहीं भी जाने के आदेश दिए। बुधवार की शाम को दोनों ने गंगनहर कोतवाली के बाहर बने मंदिर में शादी कर ली।