फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वार: दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किया गंगा पूजन, कहा- आप की सरकार बनते ही पूरे होंगे शहीदों के सपने

Fri, 18 Dec 2020 09:31 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
विज्ञापन
मनीष सिसोदिया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने हरिद्वार में मां गंगा आरती करने के साथ शुक्रवार को अपने गढ़वाल दौरे का श्रीगणेश कर दिया। उन्होंने हरकी पैड़ी पर मां गंगा से 2022 में उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने की प्रार्थना की। सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड दिव्य भूमि है, लेकिन नेताओं और पार्टियों ने इसे कुर्सी पाने या फिर बचाने के लिए अपनी जमीन बना लिया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही उत्तराखंड राज्य के लिए कुर्बानी देने वाले शहीदों के सपने पूरे किए जाएंगे। 

विज्ञापन


कुमाऊं के बाद गढ़वाल मंडल के दौरे के लिए हरिद्वार की पावन धरती से शुरुआत करने वाले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शाम करीब पांच बजे हरकी पैड़ी पर गंगा आरती की। उन्होंने श्री गंगा सभा पदाधिकारियों और संतों से मुलाकात करने से पहले पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी 2022 में उत्तराखंड की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी की जीत के लिए मां गंगा के चरणों में प्रार्थना की है। 


उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड बेहद खूबसूरत है। मां गंगा के चरणों में दिव्य अनुभूति है। कैंची धाम आश्रम में भी ऐसी ही अनुभूति मिली थी। मनीष सिसोदिया ने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से वह ऊर्जा लेकर जा रहे हैं, ताकि 2022 में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में सरकार में आए। आम आदमी को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी जैसे बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराकर शहीदों के सपनों को पूरा किया जाएगा। इसके लिए आम आदमी पार्टी संकल्पित है। 

विज्ञापन

धरती मां के बेटे हैं किसान 

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि किसान धरती मां के बेटे हैं। देश और दुनिया में इंसान कुछ भी खाता है उसे किसान ही उगाता है। सबको किसानों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों को लेकर अगर देश के लाखों किसानों को लग रहा है उनके साथ कुछ गलत हो रहा तो सरकार को मान लेना चाहिए। 

कुंभ कार्यों पर चुप्पी, बोले मैं मां की शरण में आया हूं
आगामी कुंभ तैयारियों को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेर रही है, लेकिन दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कुंभ के कार्यों पर चुप्पी साध ली। उन्होंने कहा कि कुंभ कार्यों का आकलन नहीं किया। वह भक्ति भाव से मां गंगा की शरण में पूजा करने आए हैं। सरकार कुंभ कार्य ईमानदारी से कराए ताकि कोई आरोप न लगे। 

45 मिनट हरकी पैड़ी पर रहे सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि बचपन से ही मां गंगा की पूजा करते आ रहे हैं। पूजा करने से दिव्य अनुभूति और ऊर्जा मिलती है। गंगा आरती और हरकी पैड़ी पर 45 मिनट दिव्य अनुभूति मिली। यही मां गंगा और देवभूमि की महिमा है।

शांतिकुंज पहुंचे उपमुख्यमंत्री सिसोदिया

मनीष सिसोदिया गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचे। अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डा. प्रणव पण्ड्या से मुलाकात कर आशीष एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। डा. पण्ड्या ने सिसोदिया को युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित साहित्य एवं गायत्री महामंत्र का लिखित उपवस्त्र भेंट किया। इस अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक महेन्द्र शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं की उतरवाई टोपियां
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के दौरान कार्यकर्ताओं से टोपियां उतरवा दी। उप मुख्यमंत्री के साथ दर्जनों कार्यकर्ता भी गंगा आरती में शामिल हुए। कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी की टोपियां पहनकर पहुंचे थे।

हाथ हिलाकर किया अभिवादन
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के स्वागत के लिए कार्यकर्ता एकत्र थे। लेकिन उप मुख्यमंत्री के बहादराबाद में नहीं रुकने से कार्यकर्ता मायूस हुए और हरिद्वार पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की भव्य तैयारी की थी। मनीष सिसोदिया काफिले के साथ हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए बहादराबाद से  निकल गए। 
विज्ञापन

19 दिसंबर को देहरादून पहुंचेंगे

वे रात्रि प्रवास हरिद्वार में ही करेंगे। 19 दिसंबर को सुबह वे देहरादून के लिए निकल जाएंगे। रास्ते में नेपाली फार्म समेत कई जगह कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। देहरादून पहुंचते ही सबसे पहले शहीद स्थल पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। फिर घंटाघर पहुंच कर स्व.इंद्रमणि बडोनी की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे।

इसके बाद सुभाष रोड स्थित एक होटल में उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से आए 250 स्कूलों के प्रधानाचार्यों के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इसी दिन दोपहर दो बजे से पार्टी संगठन की बैठकें होंगी।

जिसमें गढ़वाल मंडल के जिलों से आए लोगों से आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। शाम को समाज के सभी वर्गों के बुद्धिजीवी लोगों से संवाद करेंगे। शाम 5.30 बजे बीजापुर गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता करेंगे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें