एक तलाकशुदा महिला नौकरी मांगने पहुंची तो आदमी की नियत ही बिगड़ गई। उसने लड़की को पहले अपनी बातों में फंसाया इसके बाद अपने दोस्त के साथ मिलकर उसके साथ हैवानियत कर डाली।
छपरौली विधानसभा से विधायक का निर्दलीय चुनाव लड़ चुके एक व्यक्ति और उनके साथी पर बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) की तलाकशुदा एक महिला ने नौकरी दिलाने के बहाने दुराचार करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर पर रानीपुर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
घटना बुधवार (दो अगस्त) देर रात की बताई जा रही है। मूल रूप से बुलंदशहर के थाना ककोड निवासी 29 वर्षीय तलाकशुदा महिला इन दिनों थाना देहात के हापुड़ क्षेत्र में रह रही है। बृहस्पतिवार देर रात कोतवाली पहुंची महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसकी मुलाकात हापुड़ कचहरी के पास ‘प्रमुख’ नाम के एक व्यक्ति से हुई थी।
उस व्यक्ति ने उसे नौकरी दिलाने के लिए छपरौली विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके एसएस तोमर का मोबाइल नंबर दिया। आरोप है कि मोबाइल पर एसएस तोमर ने उसे हरिद्वार में नौकरी दिलाने की बात कही। उसके बाद उसने उसे हरिद्वार चलने की बात कही। इसके लिए उसे हापुड़ बस स्टैंड बुलाया गया।
परांठे में मिलाकर दी नशीली दवा
rape
- फोटो : google
बुधवार देर रात एसएस तोमर के साथ वह हरियाणा होते हुए हरिद्वार के सलेमपुर गांव स्थित द्वारिका विहार कालोनी में एक घर में पहुंची। हरियाणा से उनके साथ पप्पू नाम का एक युवक भी था। आरोप है कि रात को एसएस तोमर ने उसके लिए परांठा मंगाया।
उसे खाने के बाद उसे होश नहीं रहा। सुबह नींद खुली तो उसे अपने साथ रेप होने का अहसास हुआ। महिला ने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपी एसएस तोमर और उसके साथी ने पहले उसे धमकाया फिर दुराचार कर लिया।
पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। किसी तरह उनसे अलग होकर महिला ने पुलिस को जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पीड़िता ने बताया है कि वह बेहोशी की अवस्था में थी, इसलिए नशा टूटने पर ही शिकायत करने पहुंची।
महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया पता चला है कि आरोपी ने छपरौली से विधायक का निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गया था।