उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, बिजनौर सहित कई जिलों में आतंक का पर्याय बनी आदमखोर बाघिन ने उत्तराखंड में दस्तक दे दी है। बाघिन ने कालागढ़ में एक महिला को अपना पहला शिकार बनाया है। हालांकि इस सच को स्वीकार करने के लिए जंगलात महकमे के अफसर तैयार नहीं है।
लेकिन किसी दूसरी बाघिन ने भी हरदंती नाम की महिला को अपना निवाला बनाया है तब भी गंभीर स्थिति है। क्योंकि, अब नई बाघिन आसपास के क्षेत्र में आम लोगों पर हमला करना शुरू कर देगी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहेगा।
वन विभाग का है कहना
प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव एसएस शर्मा ने मंगलवार को रात अमर उजाला से बातचीत में स्वीकार किया कि कालागढ़ में बाघिन ने ही महिला को अपना शिकार बनाया है, लेकिन यह आदमखोर बाघिन नहीं है। यह नई बाघिन है।
दोनों स्तिथियां गंभीर
अगर ऐसा नहीं है तब भी खतरे वाली तसवीर उभरकर सामने आ रही है। जानकारों का कहना है कि अगर किसी बाघ या बाघिन ने एक बार मनुष्य को अपना निवाला बना लिया तो फिर उसकी लत लग जाती है। ऐसे बाघ या बाघिन आदमी पर बार-बार हमला करते है।
यदि उत्तर प्रदेश में आतंक मचाने वाली आदमखोर बाघिन है तब तो निश्चित पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बनेगा। आम आदमी को घर से निकला मुश्किल हो जाएगा। दोनों ही स्थिति कालागढ़ और आसपास के क्षेत्र के लिए गंभीर है।
अधिकारियों का है कहना
बाघिन को ट्रैंकुलाइज करने के लिए निर्देश दे दिया गया है। साथ ही पग मार्क मिलाने के लिए कहा गया है, जिससे बाघिन का ठीक से पहचान किया जा सकें। इसको लेकर अभी भी टीम मौके पर जुटी हुई है।
-एसएस शर्मा, प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव
जिस बाघिन ने आज महिला को अपना शिकार किया है। उसने तीन दिन पहले ही एक वाचर पर भी हमला किया था। -एसके दत्ता, अपर प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव