प्रतिष्ठित मैग्सेसे अवॉर्ड-2015 के लिए चुने गए अंशू गुप्ता का संबंध उत्तराखंड से भी रहा है। उन्होंने वर्ष 1985 में हाईस्कूल की पढ़ाई बनबसा के शारदा इंटर कॉलेज से की है। हाईस्कूल में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए अंशू गुप्ता के पिता स्व. एसडी गुप्ता यहां सैनिक छावनी में एमईएस में अधिकारी थे।
एशिया का ‘नोबेल प्राइज’ कहा जाने वाला मैग्सेसे अवॉर्ड के लिए अंशू गुप्ता के चयनित होने पर उनके प्रधानाचार्य, शिक्षक और मित्र खासे गदगद हैं। हाईस्कूल के बाद 11वीं की पढ़ाई टनकपुर स्थित राधेहरि राजकीय इंटर कॉलेज में की। इसके बाद उनके पिता का देहरादून स्थानांतरण हो गया था।
उन्होंने वर्ष 1983 से 1986 तक का समय यहां बिताया था। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पूर्व प्रधानाचार्य बंशीधर उपाध्याय बताते हैं कि अंशू मेधावी, होनहार और योग्य छात्र था और उसकी हैंड राइटिंग भी काफी अच्छी थी। कुशल मंच संचालक और डिबेटर छात्र की इस उपलब्धि ने स्कूल का भी मान बढ़ाया है।