पिछले साल 24 जुलाई को राजधानी व आसपास के इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश के चलते रायपुर रोड अधोईवाला सपेरा बस्ती में आई आपदा में लापता ग्रामीण की नए सिरे से खोजबीन को लेकर मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी सोनिका के आदेश पर उपजिलाधिकारी सदर नरेश चंद्र दुर्गापाल ने जांच शुरू कर दी है।
उप जिलाधिकारी नरेश चंद्र दुर्गापाल ने बताया कि पिछले साल 24 जुलाई को मूसलाधार बारिश के चलते आई प्राकृतिक आपदा के चलते आजादनगर कॉलोनी मस्जिद वाली गली अधोईवाला निवासी सरफराज उर्फ कल्लू पुत्र रशीद अहमद लापता हो गए थे। उनकी काफी खोजबीन की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। ऐसे में परिजनों को सरकार, शासन और जिला प्रशासन की ओर से दी जाने वाली आर्थिक सहायता में दिक्कतें आ रही हैं। अब जिलाधिकारी के आदेश पर नए सिरे से मजिस्ट्रीयल जांच की जा रही है। ताकि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दी जा सके। उप जिलाधिकारी ने बताया कि लापता सरफराज उर्फ कल्लू के बारे में किसी भी व्यक्ति के पास कोई जानकारी है तो वह मौखिक या फिर लिखित साक्ष्य के साथ 10 दिन के भीतर जानकारी दे सकता है।