बिजली बचत योजना के तहत एलईडी बल्ब के बाद अब सरकार बाजार से कम दाम पर ऊर्जा दक्ष पंखे और किसानों के लिए पंप उपलब्ध कराएगी। केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) से इसकी शुरुआत कर दी है। उत्तराखंड में भी यह योजना जल्द लागू होगी।
ईईएसएल प्रवक्ता ने बताया कि इन योजनाओं को विद्युत मंत्रालय के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) द्वारा लागू किया जाएगा। 50 वाट के सीलिंग पंखों के इस्तेमाल से उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में हर साल 700-730 रुपये की कमी का अनुमान है।
फिलहाल प्रत्येक उपभोक्ता को दो ऊर्जा दक्ष पंखे 60 रुपये प्रतिमाह ईएमआई के आधार पर दिए जाएंगे। उपभोक्ता 1250 रुपये की एकमुश्त राशि का भुगतान कर भी पंखा खरीद सकते हैं।
इसी तरह किसान भी कम बिजली खपत वाले कृषि पंप सेट की खरीददारी कर सकते हैं। इन पंपों में एक स्मार्ट कंट्रोल पैनल और एक सिमकार्ड लगा होता है जिससे किसान अपने मोबाइल फोन से ही कहीं से भी इन पंपों को नियंत्रित कर सकते हैं।