गगन ने बैग पकड़ लिया और बदमाश को धक्का देकर कार में बैठने लगे। इसी बीच दूसरा बदमाश आया और गगन के कंधे पर गोली मार दी। गगन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए और बदमाश बैग लेकर वहां से भाग गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गयी और कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोग तब तक गगन को लेकर सिनर्जी अस्पताल पहुंच गए। बताया जा रहा है कि गगन के कंधे में गोली लगी है। इधर एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि प्रेमनगर, अशारोड़ी, हरिद्वार बायपास आदि एंट्री एग्जिट पॉइंट पर सघन चेकिंग शुरू कर दी गयी है। आसपास के सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गगन के बैग में 12 लाख रुपये बताए जा रहे हैं, लेकिन कुछ लोग 9 लाख रुपये होने की बात भी कह रहे हैं। सभी मामलों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी ऋषिकेश से देर रात घटनास्थल पर पहुंचीं।
जिले की पुलिस को प्रेमनगर में बदमाशों ने पांचवीं चुनौती दी है। इससे पहले इसी अंदाज में बीते पांच महीनों में ऋषिकेश में दो और देहरादून शहर में दो घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। ऋषिकेश में सराफ व्यापारी, इससे पहले देहरादून में शराब ठेके के सेल्समैन, महिला सराफ से लूट, ऋषिकेश में महिला से लूट की घटनाओं का पुलिस खुलासा करने में नाकाम रही है।
ऋषिकेश में सराफा व्यापारी विनीत चौहान को गोली मारकर बदमाशों ने करीब डेढ़ किलो सोना लूट लिया था। पुलिस हर बार की तरह उस वक्त भी सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही, लेकिन बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई। यह पहला मौका नहीं था कि बदमाश पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहे। इससे पहले बदमाशों ने वसंत विहार इलाके में पुलिस के दावों की पोल खोल दी थी। बदमाशों ने शराब ठेके के सेल्समैन को सिर पर लोहे के डंडे से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था और साढ़े तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए थे। बाद में सेल्समेन की मौत भी हो गई। मामला गंभीर था, बावजूद इसके सुरक्षा का दम भरने वाली पुलिस कुछ नहीं कर पाई।
सरस्वती विहार नेहरू कॉलोनी में सराफ लवि रस्तोगी से बंदूक के बल पर 10 लाख रुपये के जेवरात लूटे गए थे। पुलिस एक मोटरसाइकिल के अलावा कोई ऐसा सुराग नहीं ढूंढ पाई। अलबत्ता बदमाशों की तलाश में पुलिस ने इश्तेहार तक देने की तरकीब अपनाई। हालांकि अब तक बदमाशों के बारे में कुछ पता नहीं लग पाया।
......ये घटनाएं
वसंत विहार में शराब ठेके के सेल्समैन से लूट
सरस्वती विहार में महिला सराफ से लूट
ऋषिकेश में व्यापारी की पत्नी से लूट
ऋषिकेश में सराफ से 55 लाख का सोना लूटा