गांव में हुई युवती की मौत के मामले में फेसबुक पेज बनाकर भ्रामक लेख पोस्ट करने और सामुदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही ग्रामीणों से भ्रामक खबरों व अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पनियाला गांव में 20 अप्रैल को एक युवती की मौत हो गई थी। मामले में गांव के ही एक युवक ने अपने फेसबुक पेज पर भ्रामक लेख पोस्ट की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की मौत के मामले में युवक सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार कर सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि एसआई ठाकुर सिंह रावत की तहरीर पर पनियाला गांव निवासी परवेज सुल्तान के खिलाफ धारा 153 (उपद्रव के आशय से बेहूदगी से प्रकोपित करना), धारा 505 (लोक परिष्टिकारक वक्तव्य) और धारा 188 के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने 24 मार्च को भी लॉकडाउन का उल्लंघन कर लोगों को एकत्रित किया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 188 के तहत केस दर्ज किया गया था।
लॉकडाउन के दौरान सामुदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया सेल का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि अब इस तरह की हरकत पर सीधे केस दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय को सोशल मीडिया सेल की जिम्मेदारी सौंपी है। टीम में एलआईयू इंस्पेक्टर एलएस नेगी, एसआई संतोष भट्ट, कांस्टेबल हर्षपाल को शामिल किया गया है। एसएसपी ने बताया कि कोई भी मोबाइल नंबर 9411112768, 9411112797, 9412956594 पर सूचना दे सकता है। पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।