बिधौली स्थित कई क्वारंटीन सेंटर में रखे गए लोग पानी के लिए भी तरस रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात एक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इन सेंटर में टैंकरों से पानी आता है। पानी खत्म होने पर लोग उनके सामने नाराजगी जताते हैं। अधिकारियों को फोन करने के बाद पानी की व्यवस्था हो पाती है।
समय पर पर्याप्त पानी न होने की वजह से लोग जहां पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। वहीं, नहाने धोने और शौच आदि के लिए भी पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। एक व्यक्ति ने बताया कि कई क्वारंटीन सेंटर में साफ सफाई की भी समुचित व्यवस्था नहीं है।
खाने पीने की चीजें परिसर में जहां-तहां पड़ी रहती हैं। जिसके चलते अन्य संक्रामक बीमारियों का डर बना हुआ है। कभी शिकायत करने पर व्यवस्था ठीक हो जाती है तो कई बार कोई ध्यान ही नहीं देता।
कंडोली स्थित एक हॉस्टल में रह रहे एक व्यक्ति ने बताया कि निरंजनपुर मंडी में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद उन्हें क्वारंटीन किया गया है। पहले दिन व्यवस्थाएं बहुत खराब थी। खाने-पीने का इंतजाम भी ठीक से नहीं किया गया था। अगले दिन उन्होंने एसडीएम से मामले की शिकायत की तो व्यवस्थाओं में कुछ सुधार हुआ है।
सफाईकर्मियों को नहीं मिल रही पीपीई किट
विभिन्न हॉस्टल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में सफाईकर्मियों को पीपीई किट न देने की शिकायतें मिल रही हैं। जिससे कोराना संक्रमण के फैलने का खतरा बना हुआ है।
जिले में हैं 20 से अधिक क्वारंटीन सेंटर
क्वारंटीन सेंटर में बिजली, पानी, भोजन आदि सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को इसका सख्ती से पालन करने के लिए कहा है। अगर उनमें सुविधाएं नहीं मिल रही हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जाएगा।
- डॉ. आशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी क्वारंटीन सेंटर में चिकित्सीय जांच, मरीजों की डाइटिंग आदि की देखदेख और स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं की समुचित देखभाल की जा रही हैं। इसकी तात्कालिक और दिनभर की रिपोर्ट भी जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को भेजी जाती है।
- डॉ. बीसी रमोला, सीएमओ, देहरादून
कम गंभीर मरीज कोविड केयर सेंटर में होंगे भर्ती
सीएमओ डॉ. बीसी रमोला ने बताया कि कोरोना के कम गंभीर मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया जाएगा। अगर वहां किसी की हालत में सुधार नहीं होगा तो उस मरीज को कोविड अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।