राजकीय स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में नए सत्र के एडमिशन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। कोरोना संक्रमण के चलते विभाग अभी प्रक्रिया शुरू करने से बच रहा है। इससे एडमिशन लेने को सालभर से तैयारी कर रहे खिलाड़ी असमंजस में हैं।
हर साल अप्रैल से एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाती है। मई तक ट्रायल व जून में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन हो जाता है। जुलाई से नया सत्र शुरू होता है, लेकिन इस बार मई माह आधा बीत जाने के बाद भी आवेदन की तिथि तय नहीं हो सकी है।
एडमिशन की आस लगाए खिलाड़ियों को विभाग भी अभी कोई जवाब देने की स्थिति में नजर नहीं आ रहा है। खेल महाकुंभ के अंडर-12 व 14 वर्ग के विजेताओं को भी मालूम नहीं है कि उन्हें एडमिशन किस प्रकार मिलेगा। उन्हें डायरेक्ट एडमिशन मिलना है या अन्य छात्रों की भांति प्रदर्शन करना होगा। इस बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है।
कॉलेज के प्रिंसिपल अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि छात्रों को ऑनलाइन क्लास दी जा रही है। छात्रों के व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें शिक्षक व कोच वीडियो के माध्यम से भी जानकारी दे रहे हैं। जल्द कार्यक्रम जारी किया जाएगा।