सेलाकुई में फ्लेयर कंपनी के सामने स्थित चाय होटल के संचालक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जमनपुर निवासी पीड़ित सुधीर कुमार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनके होटल में घुसकर फरसे और डंडों से सिर पर वार किया था।
घटना 25 नवंबर 2025 की रात करीब 9:50 बजे की है। आरोप है कि जमनपुर निवासी बुद्धि, जोनी, रोहित, जावेद और राहुल ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिससे सुधीर गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने उन्हें पहले सरस्वती क्लीनिक और फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर पहुंचाया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर अन्यत्र रेफर कर दिया गया। पीड़ित के अनुसार, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पीड़ित का कहना है कि स्थानीय पुलिस और एसएसपी से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। वहीं, थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।