खंडाह के समीप गुलदार पिंजरे में हुआ कैद, खौफ बरकरार
कोटी और नयालगढ़ क्षेत्र में सक्रिय एक गुलदार को वन विभाग की टीम ने पिंजरे में कैद कर दिया है। बृहस्पतिवार को सुबह के समय गुलदार पिंजरे में पकड़ा गया। इससे क्षेत्र के लोगों को कुछ राहत मिली है। लोगों का कहना है कि अभी क्षेत्र में और गुलदार सक्रिय हैं। इनको पकड़ने के लिए वन विभाग को पहल करनी चाहिए।
वन क्षेत्राधिकारी दिनेश नौटियाल ने बताया कि नयालगढ़ के समीप लदानो में लगे पिंजरे में गुलदार कैद हुआ है जिसकी उम्र करीब 4 वर्ष है। उन्होंने बताया कि गुलदार को पौड़ी ले जाया गया है। डॉक्टरों द्वारा गुलदार का परीक्षण कर आगे की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि खंडाह क्षेत्र के कोटी और नयालगढ़ में वन विभाग की टीम तैनात है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: एसआईआर...2003 की मतदाता सूची जारी, 18 विधानसभा सीटें आज अस्तित्व में नहीं, नाम खोजना चुनौती
यहां पर अभी दो पिंजरे लगाए गए हैं। टीम के साथ शूटर भी हैं। स्कूल के समय पर स्कूली बच्चों व घास लेने जंगल जा रही महिलाओं की गुलदार से बचाव के लिए निगरानी की जा रही है। टीम की ओर से क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है व लोगों को जागरूक किया जा रहा है।