उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार गुलदार द्वारा लोगों पर आक्रमण करने और मारने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जिससे इन इलाकों में रहने वाले लोगों के कभी गुस्सा तो कभी दहशत दिख रही है।
गढ़वाल में तहसील श्रीनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत भटोली में रविवार को गुलदार ने खेत में काम कर रही एक महिला को मार डाला। गुलदार ने महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया। धड़ को झाडिय़ों से बरामद कर लिया गया है, जबकि सिर नहीं मिला है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में दशहत फैल गई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने गुलदार को मारने की मांग की है। घटनाक्रम के अनुसार, श्रीनगर से लगभग 18 किलोमीटर दूर देवलगढ़ के समीप भटोली गांव की 49 वर्षीय राजेश्वरी देवी पत्नी धर्म सिंह शाम लगभग पांच बजे खेतों में निराई-गुड़ाई करने गई थी।
खेत घर से लगभग 200 मीटर दूर हैं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने महिला की गर्दन पर दांत गड़ा दिए। घटनास्थल से तीन-चार खेत ऊपर खेतों में काम कर रही एक महिला ने जब तक मदद के लिए चिल्लाई, तब तक गुलदार महिला को लगभग 200 मीटर नीचे ले गया।