तुपेड़ गांव में तेंदुए ने घर के बरामदे में सो रही तीन साल की बच्ची को मार डाला। बच्ची का शव घर से करीब आधा किमी दूर गधेरे से बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक दैलेख जिला भैरीआंचल (नेपाल) निवासी देवेंद्र नाथ तुपेड़ गांव में रहकर मजदूरी का काम करता है।
बृहस्पतिवार रात उसका परिवार घर के नीचे वाले कमरे में खाना खा रहा था और तीन साल की बेटी सरिता खाना खाकर दूसरी मंजिल के बरामदे में सोई थी। करीब नौ बजे तेंदुआ सीढ़ी के रास्ते बरामदे में घुसा और उसने सरिता को उठाकर नीचे फेंक दिया।
फिर खुद नीचे उतर तेंदुआ बच्ची को उठाकर जंगल की ओर चला गया। सूचना पर गांव वालों के साथ वन क्षेत्राधिकारी धरमघर रेंज नारायण दत्त पांडे भी मौके पर पहुंचे। करीब 30 मिनट बाद बच्ची का शव घर से करीब आधा किमी दूर एक गधेरे में बरामद हुआ।