छावनी प्रशासन लंढौर ने ढहेलिया बैंक भवन के बाद शुक्रवार को सिस्टर बाजार स्थित होली माउंट काटेज पर घन बरसाए गए। पुलिस मौजूदगी में ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू किया गया।
छावनी परिषद लंढौर के मुख्य अधिशासी अधिकारी जाकिर हुसैन ने कहा कि छावनी प्रशासन अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखेगा। इससे पहले छावनी परिषद के अध्यक्ष व सब एरिया कमांडर मेजर जनरल जेएस यादव ने संजय नारंग के ध्वस्त हो रहे ढहेलिया बैंक भवन का निरीक्षण किया। फिर होली माउंट कॉटेज का निरीक्षण कर ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू किया।
शुक्रवार को छावनी प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू कर दिया। छावनी प्रशासन ने ध्वस्तीकरण में बाधा से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अपील डाल दी है।
वहीं, भवन स्वामी राजवीर हांडा ने भी सुप्रीम कोर्ट में अपील की है, जिस पर सोमवार को सुनवाई होगी। होली माउंट में अवैध निर्माण के खिलाफ हाईकोर्ट में मुकदमा चल रहा था, जिसमें चार अक्तूबर को छावनी परिषद लंढौर के पक्ष में फैसला आया।
इस दौरान मौजूद नायब तहसीलदार दया राम, छावनी परिषद द्वारा बनाई गई ध्वस्तीकरण समिति के सदस्य एवं छावनी उपाध्यक्ष महेश चंद ने कहा कि भवन के चौकीदार के आवास को भी तोड़ा जाना था, लेकिन वैध निर्माण की बात कही गई है। जांच के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान एसआई मुकेश डिमरी, कर्नल एमएम उनियाल, सीबी लखेड़ा आदि मौजूद रहे।