पौड़ी के यमकेश्वर ब्लॉक के कोटा गांव में रविवार रात गुलदार ने एक दस साल के बच्चे को मार डाला। बच्चे का अधखाया शव गांव से करीब दो किमी दूर जंगल में पड़ा मिला। घटना से क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है। घटना की सूचना प्रशासन को सोमवार सुबह मिली।
राजस्व पुलिस ने बच्चे का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हरिद्वार भेज दिया है। कोटा की ग्राम प्रधान प्रभा देवी ने शासन, प्रशासन और वन विभाग से घटना की पुनरावृत्ति की आशंका को देखते हुए गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे पकड़ने या मौत के घाट उतारने की मांग की है।
फूलचट्टी से करीब सात-आठ किमी की पैदल खड़ी चढ़ाई पर स्थित तल्ला ढांगू के कोटा गांव में मेहरबान सिंह का दस वर्षीय पुत्र अभिषेक अपनी मां सुनीता देवी के साथ घर की छत पर सोया था। छत पर परिवार के दस-बारह और लोग भी सोए थे। रविवार रात को करीब 12-30 बजे गुलदार छत पर आया और चुपके से अभिषेक को जबड़े में दबाकर जंगल में ले गया।
छत पर सो रहे अन्य लोगों को जब तक इसकी भनक लगी, तब तक गुलदार उसे लेकर जंगल की तरफ भाग चुका था। घटना से घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने रात में ही बच्चे की तलाश शुरू कर दी, लेकिन अंधेरा होने की वजह से उसे ढूंढ़ा नहीं जा सका।