हरिद्वार के चिन्मय डिग्री कॉलेज ऑफ साइंस भेल में हुए छात्र संघ चुनाव में प्रियंक कुमार अध्यक्ष बनने में सफल रहे। जबकि सचिव पद पर पुलकित ने जीत दर्ज की। कॉलेज में पांच पदाधिकारियों के साथ ही छह कार्यकारिणी सदस्य और एक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि का चुनाव हुआ।
सोमवार को चिन्मय डिग्री कॉलेज में छात्र संघ चुनाव कराया गया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रियंक कुमार ने 22 वोट लेकर शाकिर खान को तीन वोट से हरा दिया। शाकिर को 19 वोट हासिल हुए।
सचिव के लिए मुकाबला एक तरफा
उपाध्यक्ष पद पर अवधेश चौहान ने 22 वोट लेकर शुभम जोशी को दो वोटों से हराया, शुभम को 20 वोट मिले। वहीं सचिव के लिए मुकाबला एक तरफा रहा। पुलकित ने 29 वोट बंटोरकर पद पर कब्जा कर लिया वहीं अंशु को महज 13 वोट पर ही संतोष करना पड़ा।
सहसचिव पद पर 23 वोट लेकर विवेक शर्मा ने जीत हासिल की, पूजा वर्मा को 19 वोट लेकर हार का मुंह देखना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद पर 25 वोट लेकर रोहित वर्मा विजयी रहे, चारुनिशा खोसला को 17 वोट ही मिल पाए। वहीं मेघा, आरती शर्मा, पवन कुमार, प्रीति पाल, आरती ठाकुर और प्रिया को निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। ज्ञानेश पंत भी निर्विरोध विश्वविद्यालय प्रतिनिधि चुने गए।
प्रचार्य डा.आलोक कुमार ने बताया कि नवनिर्वाचित छात्र संघ कार्यकारिणी को शपथ दिला दी गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव कार्यक्रम डा.अजय कुमार, डा.आलोक अग्रवाल, डा.अजय स्वामी, चीफ प्रोक्टर डा.पीके शर्मा, एएस सिंह, डा.शिखा गुप्ता, बीपी गुप्ता, आरके चतुर्वेदी, विक्रम सिंह नेगी, गौतम महतो और सोनू कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कॉलेज में अवकाश रहेगा।