फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दीवार फांदकर स्कूल में घुसा गुलदार, दहशत

Fri, 14 Nov 2014 02:19 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, ऋषिकेश
विज्ञापन
विज्ञापन
ऋषिकेश स्थित श्री गुरुराम राय पब्लिक स्कूल, आवास विकास कॉलोनी में सुबह सबेरे गुलदार के घुसने से स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के हाथ पांव फूल गए।
विज्ञापन


गुलदार विद्यालय के समीप स्ट्रर्डिया फैक्ट्री की दीवार फांदकर स्कूल में घुसा और शोर होने पर वहीं से वापस फैक्ट्री कैंपस में उगी झाड़ियों में ओझल हो गया। सूचना पर प्रशासन और वन विभाग ने मौके का मुआयना किया।

इसके बाद स्कूल परिसर में वन विभाग ने हथियारों से लैस दो गार्ड तैनात कर दिए। वन कर्मियों ने आसपास कांबिग भी की, मगर वह गुलदार को ट्रेस नहीं कर पाए। घटना गुरुवार सुबह करीब नौ बजे की है। चतुर्थश्रेणी कर्मचारी गुड्डी बिंजोला स्कूल परिसर में खड़ी थी।
विज्ञापन


अचानक उसने देखा की एक गुलदार स्ट्रर्डिया फैक्ट्री से सटी स्कूल की दीवार फांदकर स्कूल कैंपस में घुस आया। जिसे देख उसकी सांसें अटक गई।

प्राथमिक कक्षाओं का दो दिन का अवकाश

महिला के चीखने की आवाज सुनकर स्कूल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही गुलदार दीवार फांदकर वापस फैक्ट्री कैंपस में चला गया। स्कूल के जिस हिस्से में गुलदार देखा गया, वहां प्राथमिक वर्ग की कक्षाएं संचालित होती हैं।

ऐसे में स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में कक्षाओं से बच्चों को दूसरी जगह शिफ्ट कराया और सूचना वन विभाग को दी। जानकारी मिलने पर एसडीएम संतोष कुमार पांडेय और ऋषिकेश रेंज अधिकारी गंगासागर नौटियाल मौके पर पहुंचे।

रेंजर नौटियाल ने बताया कि गुलदार संभवत: समीपवर्ती बाबा काली कमली वाले बागीचे या फिर स्ट्रर्डिया फैक्ट्री से स्कूल में घुसा था। बताया कि यहां उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है।

एसजीआरआर स्कूल प्रबंधन ने कैंपस के आसपास गुलदार की सक्रियता को देखते हुए एहतियातन दो दिन के लिए प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।

प्रधानाचार्य दीपक भारद्वाज ने बताया कि प्ले ग्रुप से कक्षा पांच तक के बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर अवकाश घोषित किया गया है। शुक्रवार और शनिवार को छुट्टी और रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के चलते संभवत: तब तक समस्या का समाधान हो जाएगा।
विज्ञापन

अब बदले जाएंगे पिंजरे

गुलदार की क्षेत्र में बढ़ती आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में कुछ और पिंजरे लगाने और पुराने लगे पिंजरों को गुलदार की अधिक सक्रियता वाले स्थानों पर लगाने का फैसला किया गया।

रेंज अधिकारी नौटियाल ने बताया कि गुलदार के अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने गुलदार के जल्द पकड़ लिए जाने का दावा किया है।

डीएफओ आज करेंगे दौरा
देहरादून के प्रभागीय वनाधिकारी सुशांत पटनायक शुक्रवार को वीरभद्र मार्ग स्थित आवास विकास कॉलोनी, स्ट्रर्डिया फैक्ट्री, आईडीपीएल और श्यामपुर क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता को देखते हुए क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे।

इस दौरान रेंज अधिकारी उन्हें संबंधित जानकारी से अवगत कराएंगे। रेंजर ने बताया कि इस दौरान गुलदार को पकड़ने और यहां से हटाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें