चुनाव के नतीजों को लेकर हर उम्मीदवार की धड़कने तेज हैं। कांग्रेस-बीजेपी के कुछ प्रमुख नेताओं की बात करें, तो बेचैनी का आलम कुछ ज्यादा है। इसकी खास वजह है।
दरअसल, दिग्गज नेताओं पर हैट्रिक फोबिया सिर चढ़कर बोल रहा है। कुछ नेता इसलिए दबाव में हैं कि लगातार तीसरे चुनाव में वे हार का सिलसिला तोड़ पाएंगे या नहीं। सियासत के ऐसे सूरमा भी दबाव से मुक्त नहीं हैं, जो लगातार दो चुनाव जीत चुके हैं और जीत की हैट्रिक के मुहाने पर खडे़ हैं।
अबकी हारे, तो हो जाएगी बेहद मुश्किल
1-प्रकाश पंत
पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत 2012 के चुनाव में पिथौरागढ़ सीट पर मयूख महर से हारे। इसे बाद, सितारगंज उपचुनाव में विजय बहुगुणा से उन्हें शिकस्त मिली। अब पिथौरागढ़ से फिर बीजेपी उम्मीदवार हैं।
2-त्रिवेंद्र सिंह रावत
पूर्व कृषि मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत 2012 के चुनाव में रायपुर सीट पर हार गए थे। इसके बाद, 2014 में डोईवाला उपचुनाव में भी उन्हें हार नसीब हुई थी। डोईवाला सीट पर वह फिर से बीजेपी उम्मीदवार हैं।
3-शूरवीर सिंह सजवाण
पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण 2007 का चुनाव ऋषिकेश और 2012 का चुनाव देवप्रयाग सीट पर हार गए थे। अब कांग्रेस के बागी बतौर देवप्रयाग सीट पर फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।
4-सूर्यकांत धस्माना
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना 2007 के चुनाव में लैंसडौन सीट पर हार गए थे। इसके बाद, 2013 में दून नगर निगम के मेयर के चुनाव में हारे। इस बार कैंट सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
एक जीत और बन जाएगी जीत की हैट्रिक
1-राजेंद्र भंडारी
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी बीजेपी-कांग्रेस दोनों सरकारों का मजा चख चुके हैं। 2007 और 2012 का चुनाव बदरीनाथ सीट से उन्होंने जीता था। इस बार फिर, इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
2-गणेश जोशी
बीजेपी नेता गणेश जोशी 2007 और 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में जीते थे। मसूरी उनका विधानसभा क्षेत्र हैं। इस बार भी इसी सीट पर बतौर बीजेपी उम्मीदवार वह चुनाव मैदान में हैं।
3-प्रेम चंद्र अग्रवाल
बीजेपी नेता प्रेम चंद्र अग्रवाल 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में ऋषिकेश सीट पर चुनाव जीते थे। इस बार भी अपनी इसी सीट पर बीजेपी के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में हैं।
4-मयूख महर
कांग्रेस नेता मयूख महर 2007 का चुनाव कनालीछीना और 2012 का चुनाव पिथौरागढ़ सीट से जीते थे। इस बार फिर से पिथौरागढ़ सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
5-मनोज तिवारी
कांग्रेस नेता मनोज तिवारी 2007 और 2012 का चुनाव अल्मोड़ा सीट पर कांग्रेस के टिकट से जीते थे। तीसरी जीत के लिए वह अल्मोड़ा सीट से फिर से प्रयासरत हैं।