11 घंटे बाद खुला बदरीनाथ हाईवे रविवार की रात 10 बजे फिर से पागलनाला, पाताल गंगा और लामबगड़ में बंद हो गया। भारी बारिश से बंद हुए इस हाईवे पर सोमवार की सुबह भी वाहनों की आवाजाही बंद रही।
रविवार को 11 घंटे बाद खोला जा सका था राजमार्ग
इससे पहले शनिवार रात को हुई जोरदार बारिश के बाद बदरीनाथ राजमार्ग पागलनाला, पाताल गंगा और लामबगड़ में बंद हो गया था। रविवार को दिन में ढाई बजे साढ़े 11 घंटे बाद राजमार्ग खोला जा सका।
बदरीनाथ हाईवे खुलने पर रविवार को 75 तीर्थयात्री वाहनों से बदरीनाथ धाम पहुंचे। इससे पहले मार्ग बंद होने के चलते 17 तीर्थयात्री पैदल ही बदरीनाथ धाम के लिए निकल पड़े। 80 तीर्थयात्री गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब गए।
शनिवार रात को उत्तरकाशी के भटवाड़ी क्षेत्र में बारिश के बाद यमुनोत्री एवं गंगोत्री हाईवे कई जगह बंद हो गया। रविवार सुबह मार्ग बाकी जगह खुल गया लेकिन गंगोत्री हाईवे गंगननानी में पांचवें दिन भी बंद रहा।
यमुनोत्री हाईवे बाडिया एवं सिलाई बैंड पर बंद है। रविवार को किसी तीर्थयात्री ने यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम का रुख नहीं किया।
रविवार को 47 तीर्थयात्री सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए रवाना हुए। दिन में दो बजे तक 32 यात्री बाबा केदार के दर्शन कर लौट आए हैं।
अगले कुछ दिन बारिश में इजाफे के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को देहरादून, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और नैनीताल में अपेक्षाकृत भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ में हर दिन हो रही बारिश मुसीबत बनी हुई है। जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं।
रविवार को चमोली जिले में पहाड़ी से पत्थर खिसककर रास्ते पर जा रहे एक व्यक्ति लक्ष्मण पर जा गिरा, इससे उसकी मौत हो गई।