आखिर सात दिन बाद गम और गुस्से के बीच ‘लाडली’ (काल्पनिक नाम) के शव का अंतिम संस्कार चित्रशिला घाट पर कर दिया गया। शवयात्रा में पहाड़ से मैदान तक, गांव से शहर तक के लोग शामिल हुए। अंतिम विदाई के दौरान जनसैलाब उमड़ा। बरेली रोड और नैनीताल रोड होते हुए शवयात्रा शवयात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई लोग शामिल होते गए।
पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे। 25 नवंबर को बच्ची का शव मिलने के बाद दो दिन तक परिजन दरिंदों की गिरफ्तारी के बाद ही अंतिम संस्कार करने की बात पर अड़े रहे। पिथौरागढ़ से शादी समारोह में शामिल होने आई बच्ची का हल्द्वानी में 20 नवंबर को अपहरण कर लिया गया था।
दुष्कर्म के साथ उसकी हत्या कर दी गई थी। इससे पूरा उत्तराखंड दहल उठा। आक्रोशित लोगों ने बृहस्पतिवार को भी पूरे प्रदेश में जगह-जगह प्रदर्शन किए। भीमताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, गरुड़, टनकपुर, लोहाघाट, अस्कोट और बेड़ीनाग के अलावा कई छोटे-छोटे कस्बे बंद रहे। स्कूली बच्चे भी सड़कों पर उतरे। बाजार, स्कूल, कालेज, डाकघर, बैंक, सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप रहा।