हरिद्वार में शाही स्नान के दौरान उद्योगपति गुप्ता बंधुओं के जीरो जोन में जाने और हंगामा करने के मामले में डीआईजी नीरू गर्ग ने जांच के आदेश दिए हैं। डीआईजी ने हरिद्वार एसएसपी को कहा है कि इस पूरे मामले में एसपी सिटी से जांच कराई जाए और सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रेषित की जाए।
गुप्ता बंधुओं के वाहनों को अनुमति देने पर सवाल
हरिद्वार विकास समिति के अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा ने सहारनपुर के मशहूर उद्योगपति गुप्ता बंधुओं के वाहनों को जीरो जोन और हरकी पैड़ी क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति देने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है। बाबू शर्मा ने आमजन और व्यापारियों की उपेक्षा का भी आरोप लगाया है।
हरिद्वार विकास समिति के अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा के अनुसार हरिद्वार महाकुंभ में चारों ओर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। प्रदेश सरकार कुंभ को भव्य और दिव्य आयोजन का दम भर रही है, लेकिन मेला प्रशासन और पुलिस की तानाशाही के चलते आमजन पैदल चलने को मजबूर हैं।
दूसरी ओर सहारनपुर के बड़े उद्योगपति गुप्ता बंधु की एक नहीं 10-10 गाड़ियों का काफिला जीरो जोन से लेकर हरकी पैड़ी तक घूम रहा है। अधिकारी इन वाहनों को रोकने की बजाय सुरक्षा दे रहे हैं। हरिद्वार की जनता के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रवि बाबू शर्मा ने मामले की जल्द जांच शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।