पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने दक्षिण काली मंदिर में पूजा अर्चना कर देश को कोरोना मुक्त करने की कामना की। स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज ने मां की चुनरी व नारियल भेंटकर उमा भारती का स्वागत किया। उमा भारती ने कोरोना के बीच कराए जा रहे कुंभ कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। कहा कि कोरोना महामारी के बीच कुंभ की तैयारियां करना कठिन चुनौती है। इसके बावजूद सरकार कुंभ कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार के प्रयास सराहनीय हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि संत महापुुरुषों के तप और बल से कुंभ मेला सकुशल और भव्य रूप से संपन्न होगा। कोरोना की रोकथाम के लिए भी केंद्र और राज्य सरकार निरंतर कदम उठा रही हैं। कोरोना का टीका लगभग तैयार कर लिया गया है। जल्द ही देश में टीकाकरण अभियान भी शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि कोरोना जल्द समाप्त हो जाएगा और कुंभ मेला पूरी दिव्यता और भव्यता से संपन्न होगा।
दक्षिण काली के पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के अथक प्रयासों और संत समाज के समन्वय से कुंभ मेला निर्विघ्न रूप से संपन्न होगा। सरकार विकास कार्यों के साथ साथ कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रयास कर रही है। मां दक्षिण काली की पूजा अर्चना व सच्चे मन से की गई आराधना अवश्य ही कोरोना संक्रमण को रोकने में कारगर होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय उमा भारती सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के उत्थान में निरंतर योगदान कर रही हैं।