डीजीपी ने कहा कि जिन लोगों को वाया हरिद्वार होकर अपने गंतव्य स्थानों के लिए जाना है, वह दस से 15 अप्रैल तक वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। हरिद्वार आने पर फंस जाएंगे। देहरादून और मसूरी के लिए जाना है तो वाया मुजफ्फरनगर से देवबंद होकर छुटमलपुर होकर जाएं। जिनको गढ़वाल जाना है वह ऋषिकेश होकर जाएं। जिनको देहरादून से नैनीताल जाना है वह भी देहरादून से देवबंद मुजफ्फरनगर से बिजनौर होकर जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़ी हर जानकारी उत्तराखंड पुलिस और हरिद्वार महाकुंभ 2021 सोशल मीडिया पर अपडेट होगी, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को कोई परेशानी न झेलनी पड़े।
शाही स्नान पर हरिद्वार के लोगों को नहीं होगी परेशानी
डीजीपी ने कहा कि शाही स्नानों पर हरिद्वार वासियों को कोई दिक्कत नहीं होगी। इस बार खास प्लान कुंभ मेला पुलिस ने तैयार किया है। भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्लान बनाया गया है। सभी की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। डीजीपी ने कहा कि इस बार फोर्स को निर्देश दिए गए हैं कि वह स्थानीय लोगों को बेवजह परेशान न करें। बाहर से आने वाले यात्रियों को भी कम से कम असुविधा हो। हरिद्वार महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु कोरोना गाइड लाइन का पालन करें।