कुमाऊं मंडल विकास निगम कर्मचारी महासंघ की बृहस्पतिवार को निगम प्रशासन के साथ बैठक हुई। इसमें विभिन्न मांगों पर सहमति बनी।
बैठक में निगम में विनियमितीकरण की वरिष्ठता सूची में शामिल तीन तृतीय श्रेणी कर्मियों को एक सप्ताह के भीतर नियमित करने, खाली पदों पर विभागीय पदोन्नति, छठे वेतनमान का एरियर भुगतान समेत कई निर्णय लिए गए।
महासंघ के अध्यक्ष दिनेश चंद्र गुरुरानी ने बताया कि बैठक में चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को एसीपी के तहत उच्चीकृत वेतनमान का एरियर प्रथम चरण में एक किस्त देने, मानकों के मुताबिक संविदा कर्मियों का मानदेय बढ़ाने पर सहमति बनी। कर्मियों को उनकी शैक्षिक योग्यता के मुताबिक पद नाम देने समेत सभी प्रकरणों को एक पखवाड़े के भीतर निस्तारित करने पर सहमति बनी।
बैठक में निगम प्रबंधन की ओर से निगम के महाप्रबंधक त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, कार्मिक अधिकारी एके आर्य, लेखाधिकारी महेश चंद्र भट्ट, मंडलीय प्रबंधक गैस रघुनंदन सिंह बिष्ट, कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पांडे, पर्यटन विकास अधिकारी करुणा अधिकारी, सहायक ग्रेड प्रथम मो. ताहिर मौजूद थे जबकि महासंघ की ओर से अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी, महामंत्री गोविंद सिंह मेहता, चंद्रलाल साह, महेश चंद्र कांडपाल, गणेश लाल साह, दयाल सिंह रावत, गुमान सिंह, दिनेश सांगुड़ी, प्रकाश उनियाल, आशा शर्मा, प्रकाश चंद्र चंदोला आदि थे।