मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि राजधानी में सोमवार को भी बादल छाये रहेंगे। कुछ जगहों पर देर शाम तक हल्की से मध्यम बारिश भी होने की संभावना है। वहीं, रविवार को दिन भर रही धूप और उमस के बाद शाम को झमाझम बारिश से ने मौसम सुहावना बना दिया था।
रविवार को 0.8 मिमी बारिश
राजधानी में संडे को उमस ने मुश्किल डे बना दिया। दिनभर हल्की धूप और उमस ने जीना मुहाल कर दिया। शाम को अचानक शुरू हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। शाम साढ़े पांच बजे तक मौसम विभाग ने केवल 0.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की।
शहर में रविवार को सुबह से ही बादलों के बीच धूप और उमस ने पसीना छुड़ा दिया। लोग दिनभर उमस में हांफते रहे। शाम को बादल आने के बाद हल्की बारिश शुरू हुई। कुछ देर झमाझम बारिश होने से मौसम में ठंडक आई। देर शाम तक बूंदाबांदी जारी थी।
प्रदेश में भी रहेगी हल्की बारिश
प्रदेश में रविवार को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी फिलहाल कहीं भारी बारिश के आसार नहीं हैं। केवल कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।