किसान एसोसिएशन की एक पंचायत प्रशासनिक बैठक में हुई। इसकी अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद त्यागी एवं संचालन चंद्रभान उत्तराखंडी ने किया। इसमें केंद्र सरकार की ओर से लाए गए कृषि कानूनों का विरोध किया गया।
पंचायत में किसानों को समय से गन्ना भुगतान न मिलना, बिना भाव घोषित किए हुए ही गन्ने की खरीदारी करना आदि पर रोष व्यक्त किया गया। पंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी भुल्लन सिंह ने कहा कि यह बेहद अफसोसजनक है कि देश का किसान ठंड में सड़कों पर है और केंद्र सरकार किसानों की समस्या का समाधान करने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक सरकार किसानों के हक में फैसला नहीं देती है, तब तक किसान सड़कों से नहीं उठेगा। पंचायत में कर्मवीर सिंह, ओमदत्त, राजपाल त्यागी, राशिद, अनीस त्यागी, कर्म सिंह, अमर सिंह, विजय सिंह आदि मौजूद रहे।