किडनी रैकेट की एजेंट चांदना गुड़िया की गिरफ्तारी भले ही एक साल बाद हुई हो, मगर उससे हुई पूछताछ के बाद इस काले धंधे से जुड़े कई और लोग बेपर्दा हो सकते हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ में उसने जो बातें पुलिस को बताई हैं, उनसे दिल्ली, कोलकाता, मुंबई जैसे कई बड़े शहरों में बड़ी ‘हलचल’ मच सकती है।
उसने विभिन्न शहरों के कई ऐसे अस्पतालों के नाम बताए हैं, जहां उसके जैसे कई एजेंट सक्रिय रहते हैं। पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ के बाद इन शहरों की पुलिस से संपर्क करेगी।
किडनी रैकेट की एजेंट चांदना ने पुलिस को बताया कि वह किसी गैंग के सरगना को नहीं जानती है। गिरोह में शामिल लोगों के नाम भी उसे नहीं पता है। लेकिन, उन लोगों के नाम पता हैं जो उसके जैसे एजेंट हैं।
पुलिस के अनुसार चांदना ने बताया कि दिल्ली, कोलकाता, मुंबई जैसे बड़े शहरों के कई अस्पताल ऐसे हैं जहां इस तरह के एजेंट हर समय घूमते रहते हैं। वे ऐसे अमीर लोगों के संपर्क में रहते हैं, जिनका सप्ताह में एक या दो-तीन बार डायलेसिस होता है।