केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर गुजरात के यात्रियों से ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, बीती तीन अक्तूबर को गुजरात निवासी नतेश गंभीर, जिला वलसाड़ ने लिखित शिकायत करते हुए बताया था कि वह केदारनाथ यात्रा के लिए आए हैं। यहां फाटा में सैनिक होटल धानी के संचालक करन भरत चंद्रानी ने उन्हें हेलीकॉप्टर के टिकट दिलाने की बात कही थी। इसकी एवज में उनसे टिकट की कीमत के साथ ही 50 हजार रुपये अतिरिक्त लिए गए थे। जब वह फाटा हेलिपैड पर पहुंचे तो उन्होंने 35130 रुपये काउंटर पर जमा किए, लेकिन यहां बैठे स्टाफ ने उनके आईडी कार्ड से टिकट पर लिखे नाम का मिलान नहीं होने की बात कहते हुए टिकट रद्द कर दिए।
इस दौरान उन्हें 33,006 रुपये वापस कर दिए गए। जब उन्होंने करन भरत चंद्रानी से इस बारे में पूछा तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। जिसके बाद उन्होंने गुप्तकाशी थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत की।
इधर, पुलिस उपाधीक्षक विमल रावत ने बताया कि मामले की जांच के बाद नामजद करन भरत चंद्रानी, निवासी ईस्ट मुंबई समेत सोनू उर्फ अमित ओबेराय निवासी देहरादून और संतोष दुखरण पांडे निवासी महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया गया। तीनाें को जेल भेज दिया गया है।