फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केदारनाथ हेली सेवा में टिकट की कालाबाजारी करने को लेकर दो कंपनियों व एजेंट पर मुकदमा दर्ज

Tue, 04 Jun 2019 08:18 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुद्रप्रयाग
विज्ञापन
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

केदारनाथ यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवा के टिकट की कालाबाजारी और यात्रियों के साथ अभद्रता के मामले में पुलिस ने दो हेली कंपनियों और एक एजेंट के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

विज्ञापन


केदारनाथ यात्रा पर आई स्वीकृति शर्मा निवासी गुडगांव, हरियाणा ने फाटा पुलिस चौकी में हेलीकॉप्टर सेवा के टिकट की कालाबाजारी और हेली कंपनी द्वारा अभद्रता की शिकायत की है। उनका कहना था कि उन्होंने केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर का ऑनलाइन टिकट बुक करना चाहा।

इस पर उनके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने अपना नाम विवेक सिंह बताते हुए कहा कि वह हेली सर्विस से कांटेक्ट रखते हैं। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए उन्होंने एजेंट के खाते में 12,960 रुपये जमा कर दिए।
विज्ञापन


एजेंट ने पवनहंस कंपनी का लोगो लगा टिकट उपलब्ध करा दिया, लेकिन जब उन्होंने टिकट हेलीपैड पर दिखाया तो कंपनी प्रबंधन ने उसे अवैध बताया। महिला की लिखित शिकायत पर पुलिस ने हेली कंपनी पवनहंस और एजेंट के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।

दूसरे मामले में यात्री वैभव ने पुलिस से शिकायत की कि उन्होंने गढ़वाल मंडल विकास निगम के माध्यम से क्रिस्टल हेली कंपनी से टिकट बुक कराया था। हेली सेवा प्रबंधन द्वारा उन्हें दोपहर 12 बजे की फ्लाइट देने की बात कही गई, लेकिन शाम पांच बजे तक भी उन्हें केदारनाथ नहीं भेजा गया।

विज्ञापन

फर्जी टिकट बनाकर 16 हजार में बेचा, मुकदमा दर्ज

उन्होंने जब हेलीपैड पर हेली कंपनी के स्टॉफ से जानकारी मांगी तो, वे गाली गलौज करते हुए धमकी देने लगे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हेली कंपनी के विरुद्ध फाटा चौकी में भादंसं की धारा 420, 504 और 506 में मुकदमा दर्ज किया है।

फर्जी टिकट के मामले में पुलिस ने एक ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी द्वारा मूल टिकट की कॉपी कर उसे 16 हजार रुपये में छह जून के लिए जारी किया गया था। पुलिस को दी गई तहरीर में गढ़वाल मंडल विकास निगम के कांउटर नोडल अधिकारी विजय गुप्ता ने कहा है कि सोमवार को ऑपरेटर राबिन ने मूल टिकट की कॉपी कर उसे 16 हजार रुपये का फर्जी टिकट बना दिया।

टिकट को जब निगम द्वारा क्यूआर स्कैन किया गया तो पाया कि यह पूर्व में यात्री को जारी किया जा चुका है, जो 9396 रुपये का है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जीएमवीएन द्वारा जारी टिकटों का दुरुपयोग कर रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 में मुकदमा दर्ज किया है।

केदारनाथ यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवा के टिकटों की कालाबाजारी और हेली कंपनियों से जुड़े लोगों द्वारा यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इन मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 
-अजय सिंह, पुलिस अधीक्षक, रुद्रप्रयाग 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें