भिनेत्री करिश्मा रावत को स्मृति चिन्ह प्रदान करते इक्फाई यूनवर्सिटी प्रबंधन के सदस्य।
- फोटो : VIKAS NAGAR
सेलाकुई। पोरस धारावाहिक में रानी क्लियोपेट्रा के किरदार से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाली करिश्मा रावत जल्द ही बड़े पर्दे पर हिंदी थ्रिलर फिल्म अविरधा में नजर आएंगी। करिश्मा मूल रूप से टिहरी जिले के हिंडोलाखाल ब्लॉक की रहने वाली हैं। सोमवार को उन्होंने इक्फाई यूनिवर्सिटी पहुंच कर छात्रों के साथ संवाद स्थापित किया। कॉरपोरेट क्लब उड़ान की ओर से आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में शामिल हुई अभिनेत्री करिश्मा रावत का स्वागत कुलपति डॉ. पवन कुमार अग्रवाल, रजिस्ट्रार बिग्रेडियर(राजीव सेठी) ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया। करिश्मा ने छात्रों के साथ मॉडल बनने के अनुभवों को सांझा किया। उन्होंने कहा कि जीवन एक संघर्षपूर्ण चक्र है जो बहुत कुछ सिखाता है। उन्होंने कहा कि बाहरी सुंदरता मायने नहीं रखती है। यदि आपके पास प्रतिभा है तो आप सफलता हासिल कर सकते हैं।
अपने पसंदीदा सितारों के बारे में बताते हुए करिश्मा ने कहा कि वह टॉलीवुड स्टार महेंद्र बाबू, अल्लू अजुर्न और राम चरण के साथ काम करने की इच्छा रखती हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून से उनका खासा लगाव रहा है। यहां उन्हें मन की शांति मिलती है। कहा कि मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी में भी वह देवभूमि की स्वतंत्रता और सादगी को नहीं भूलती। छात्रों ने करिश्मा के साथ सेल्फी भी ली। कार्यक्रम के अंत में क्लब की अध्यक्ष अदिति सिंघल ने करिश्मा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छात्र समन्वयक परिधि, सचिन, अरुणेे, गरवित, श्रेय, तनय, परिनिता, कौशिकी, देवांशी, अनुभव, अनन्या, अनुराग और गौरव शामिल रहे।