विकासनगर। दुर्गम तहसील त्यूनी के कोटी-बावर में इंटर की पढ़ाई के लिए छात्रों को 20 किमी की दौड़ लगानी पड़ रही है। अभिभावक कई बार शिक्षा विभाग से स्कूल के उच्चीकरण की मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके विद्यालय का उच्चीकरण नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में स्कूल में करीब 180 छात्र अध्ययनरत हैं। हाईस्कूल के बाद क्षेत्र में कोई भी अन्य स्कूल नहीं है। जिस कारण यहां अध्ययनरत छात्रों को इंटर की पढ़ाई के लिए 20 किमी दूर त्यूनी जाना पड़ता है। कई छात्राएं स्कूल की दूरी अधिक होने के कारण बीच में ही पढ़ाई छोड़ देती हैं। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर छात्र हाईस्कूल के बाद पढ़ाई सुचारू नहीं रख पाते हैं। ग्रामीण प्रदीप, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश सिंह, हरदयाल सिंह आदि का कहना है कि स्कूल की दूरी अधिक होने के कारण सर्दियों में छात्रों को घर पहुंचते-पहुंचते अंधेरा हो जाता है। वहीं सुबह भी स्कूल के लिए जल्दी घर से निकलना पड़ता है। कहा कि बीते तीन साल में वह कई बार विभागीय अधिकारियों से स्कूल उच्चीकरण की गुहार लगा चुके हैं। लेकिन हर बार उनकी मांग को अनसुना कर दिया जाता है। ग्रामीणों ने विद्यालय का उच्चीकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं खंड शिक्षाधिकारी डॉ. एस चंद्रा का कहना है कि स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लिखित प्रस्ताव मिलने पर स्कूल उच्चीकरण पर विचार किया जाएगा।