भारी बारिश के बीच भी यात्रियों का उत्तराखंड आना जारी है। बारिश के बीच नारसन, खानपुर और भगवानपुर क्षेत्र के बॉर्डरों पर बड़ी संख्या में वाहन पहुंचे। इस बीच पुलिस के जवानों ने एक हजार से अधिक वाहनों को लौटा दिया। आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट लाने वालों को ही पुलिस ने प्रदेश की सीमा में एंट्री दी।
सावन शुरू होने पर पुलिस-प्रशासन ने बॉर्डरों पर सख्ती बढ़ा दी है, लेकिन बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ लोग अपनी 72 घंटे की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट लेकर पहुंच रहे हैं तो अधिकतर लोग बिना जांच रिपोर्ट के ही आ रहे हैं। बुधवार को बारिश के बीच सुबह से ही नारसन बॉर्डर पर वाहनों की भीड़ लगी रही। इस दौरान पुलिस ने करीब पांच सौ वाहनों को लौटा दिया।
वहीं, भगवानपुर क्षेत्र के काली नदी और मंडावर चेक पोस्ट से भी पुलिस ने तीन सौ से अधिक वाहनों को लौटाया। खानपुर क्षेत्र के खानपुर-पुरकाजी, सिकंदरपुर-पुरकाजी, दल्लावाला-मोरना और बालावाली-मंडावर बॉर्डर पर भी पुलिस का कड़ा पहरा है। खानपुर एसओ अभिनव शर्मा ने बताया कि जिन लोगों के पास कोरोना की आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट और रजिस्ट्रेशन नहीं है, उन्हें बॉर्डर से लौटाया जा रहा है। दो सौ से अधिक वाहनों को लौटाया गया।