कांवड़ मेले में बनेंगे 2720 शौचालय
बैठक में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि कांवड़ मेले के लिए 60 हजार वाहनों की क्षमता के लिए 13 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों के लिए 03 अतिरिक्त पार्किंग स्थल आरक्षित हैं। 2720 से अधिक शौचालय, 640 से अधिक यूरेनल, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है। जिसके लिए 1200 से अधिक सफाई कार्मिक तैनात किए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर यह संख्या और बढ़ाई जाएगी। कांवड़िए कोई भी ऐसी सामग्री अपने साथ लेकर नहीं चलेंगे, जिससे नुकसान पहुंचने की संभावना हो और व्यापारी भी इस तरह की कोई भी सामग्री की बिक्री नहीं करेंगे। कांवड़ियों को निर्धारित ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करना होगा। बताया कि कांवड़ मेले से 30 जून तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। बताया कि कांवड़ मेले को 12 सुपर जोन, 32 जोन तथा 134 सेक्टरों में बांटा गया है। जिसके पूरे संचालन के लिए पांच नोडल अधिकारी नामित किये गए हैं।
तैयारियों से संतुष्ट दिखे सीएम,
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले की लिए बजट की कोई कमी नहीं है, सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जो समय बचा है उस पर सभी विभाग मिलकर काम करेंगे। पिछले साल हेलिकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा पर कहा कि कावड़ियों का इससे भी भव्य स्वागत किया जाएगा। केदारनाथ यात्रा पर उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वह मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करना सुनिश्चित करें।
पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने बताया कि कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की है। सभी विभाग ने अपनी तैयारियों के प्रजेंटेशन दिए हैं। जनप्रतिनधियों ने भी अपने सुझाव दिए हैं। मेले के लिए बजट की कोई कमी नहीं होगी। क्योंकि, कांवड़ मेला पूरे भारत वर्ष की आस्था और श्रद्धा का मेला है। इसके लिए अच्छे तरीके से तैयारियां भी की गई हैं। जिससे हम संतुष्ट हैं। अब जो समय बचा है उसमें सुझाव पर काम होगा। एनडीआरफ, एसडीआरफ आदि सुरक्षा बल कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए काम करेंगे।
एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि ड्रग्स फ्री उत्तराखंड का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री ने भी पूरे देश को नशे से मुक्त करने का संकल्प लिया है। उसी क्रम में हमने भी उत्तराखंड को 2025 तक ड्रग्स फ्री बनाने का संकल्प लिया है। ड्रग व नशे को रोकने के लिए सर्वाधिक शक्ति लगाई जाएगी। जितनी सख्ती हो सकती है, वो सब करेंगे।बंद की गई केदारनाथ यात्रा पर सीएम ने कहा कि मौसम खराब हो गया है।