फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

10 हजार रुपये रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
कृषि भूमि को आवासीय करने के लिए रिश्वत लेते कानूनगो (राजस्व निरीक्षक) को विजिलेंस टीम ने डोईवाला तहसील में रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने आरोपी कानूनगो के दफ्तर में करीब पांच घंटे छानबीन की। एक टीम ने उसके हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित आवास की भी तलाशी ली। आरोपी को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन

एसपी विजिलेंस धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि डोईवाला निवासी एक व्यक्ति ने डायल 1064 पर शिकायत की थी। बताया था कि उनकी माता के कृषि भूमि में दर्ज प्लॉट हैं। इनको वह अकृषि (आवासीय) कराना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने 31 अक्तूबर 2021 को आवेदन किया था। इस पर रिपोर्ट लगवाने के लिए कानूनगो मोतीलाल से बात की गई। मगर, कानूनगो उन्हें बार-बार टाल रहे थे। इस बीच जब उसने बात की गई तो उन्होंने प्रत्येक प्लॉट के लिए पांच-पांच हजार रुपये, कुल 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी।
इस संबंध में पीड़ित ने दो जून को शिकायत की थी, जिसकी जांच की गई। मोतीलाल ने व्यक्ति को रिश्वत के साथ बुधवार को ऑफिस बुलाया था। मोतीलाल को ट्रैप करने की योजना के तहत टीम दफ्तर के बाहर तैनात कर दी गई। जैसे ही व्यक्ति ने मोतीलाल को रिश्वत दी तो उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी गुंज्याल ने बताया कि कानूनगो मोतीलाल निवासी न्यू शिव मार्केट, शास्त्री नगर, ज्वालापुर हरिद्वार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्हें बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन

मोतीलाल की संपत्ति की होगी जांच
विजिलेंस की टीम ने मोतीलाल के दफ्तर में करीब पांच घंटे छानबीन की है। एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि मोतीलाल की संपत्ति की जांच की जाएगी। आय से अधिक संपत्ति की जांच के बाद यदि मामला सही पाया जाता है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
बड़ी संख्या में आ रहे लैंड यूज चेंज के मामले
लैंड यूज बदलने के नाम पर तहसील के कानूनगो का रिश्वत लेना कोई नई बात नहीं है। दून के राजधानी बनने के बाद जमीन के भाव आसमान छू रहे हैं। ऐसे में लैंड यूज चेंज जैसे मामले भारी संख्या में तहसील में आने लगे। दस्तावेज पर रिपोर्ट लगाने के लिए अधिकारियों ने सुविधा शुल्क लगा दिया। डोईवाला तहसील के तमाम ऐसे क्षेत्र हैं, जहां जमीनों की खरीदफरोख्त और लैंड यूज चेंज कराए जा रहे हैं। चूंकि, डोईवाला जिला मुख्यालय से महज 25 किमी दूर है। ऐसे में आवास बनाना और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए निर्माण कार्य में लोग रुचि रखते हैं। कृषि भूमि को आबादी क्षेत्र वाली भूमि बदलने के लिए लैंड यूज चेंज करना पड़ता है। तहसील बनने के बाद क्षेत्र में लैंड यूज चेंज के मामले बेहद तेज गति से बढ़े हैं। जमीनों के आसमान छूते दामों को देखकर ही अधिकारी लैंड यूज चेंज जैसे मामलो में रिश्वत मांगने से पीछे नहीं हटते।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें