8 अप्रैल 1989 को ज्योतिष पीठ के वरिष्ठ संत कृष्ण बोधश्रम की वसीयत के आधार पर स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने खुद को शंकराचार्य घोषित कर दिया। वहीं ज्योतिष पीठ के वरिष्ठ संत शांतानंद ने 15 अप्रैल 1989 को स्वामी वासुदेवानंद को शंकराचार्य की पदवी दी। एक ही पीठ के दो-दो शंकराचार्य बन गए।
स्वामी वासुदेवानंद ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने 5 मई 2015 को स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के हक में फैसला दे दिया। स्वामी वासुदेवानंद सुप्रीम कोर्ट चले गए। सुप्रीम कोर्ट ने भी 25 नवंबर 2017 को स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के हक में फैसला दिया। इसी फैसले के बाद स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती दो पीठों के घोषित शंकराचार्य बने। ज्योतिष पीठ की संपत्ति काफी अधिक है। पुराने मठ परिसर स्थित मां अन्नपूर्णा का मंदिर है, जो स्वामी वासुदेवानंद के अधीन है। उसकी देखरेख उन्हीं के शिष्य करते हैं।
11 सितंबर को जगद्गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ब्रह्मलीन हो गए। दूसरे दिन उनके शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को ज्योतिष पीठ और स्वामी सदानंद सरस्वती को द्वारका की शारदा पीठ के शंकराचार्य के रूप में अभिषिक्त कर दिया। 15 अक्तूबर को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बतौर शंकराचार्य ज्योतिष पीठ पहुंचे। 17 अक्तूबर को जोशीमठ रविग्राम के मैदान में श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य विधु शेखर भारती और द्वारका पीठ के शंकराचार्य सदानंद सरस्वती की मौजूदगी में धर्म महासम्मेलन में उनका अभिनंदन समारोह हुआ।
पट्टाभिषेक पर लगा दी रोक
16 अक्तूबर को गोवर्धन मठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के दायर हलफनामा पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के पट्टाभिषेक पर रोक लगा दी। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद 17 अक्तूबर को मठ परिसर स्थित स्वामी वासुदेवानंद के अधीन माता अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन के लिए गए, लेकिन कपाट बंद होने से लौट आए।
ये भी पढ़ें...केदारनाथ हेलीकॉप्टर क्रैश: दुर्घटना में मारे गए पायलट का शव भेजा गया जौलीग्रांट, हादसे से यात्रियों में दहशत
अन्नपूर्णा मंदिर ज्योतिष पीठ के पुराने मठ परिसर में है। मठ परिसर और मंदिर स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के अधीन है। परिसर की देखरेख और मंदिर में पूजा-पाठ स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के अनुयायी एवं शिष्य करते हैं। मंदिर के कपाट सुबह-शाम को पूजा-आरती के लिए ही खुलते हैं। बाकी समय कपाट बंद रहते हैं। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती सोमवार को माता अन्नपूर्णा के दर्शन करने गए। लेकिन उस समय मंदिर के कपाट बंद होने का समय था। मंदिर का गर्भगृह खुला था। बाहर से माता के दर्शन कर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद लौट गए। - डॉ. शैलेंद्र योगी, मीडिया प्रभारी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती