उत्तराखंड के जाने-माने फोटोग्राफर और वरिष्ठ पत्रकार कमल जोशी नहीं रहे। सोमवार को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे करीब 63 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर लगते ही पुलिस, प्रशासन के अधिकारी, पत्रकार, सामाजिक संगठनों के लोग उनके आवास पर पहुंचे।
वे अपने आवास पर कमरे की दीवार के कुंडे पर रस्सी के सहारे लटके मिले। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। उनके निधन की खबर से उनके परिजनों, परिचितों, पत्रकार जगत में शोक की लहर छा गई।
कमल जोशी अपने कोटद्वार स्थित आवास पर अकेले रहते थे। बताया जाता है कि रविवार शाम को वह किसी काम के लिए पड़ोसियों से सीढ़ी मांगकर ले गए थे। सोमवार शाम करीब चार बजे जब पड़ोसियों को सीढ़ी की जरूरत पड़ी तो वे उनके आवास पर गए।
दरवाजा बंद था, लेकिन कुंडी नहीं लगी थी। पड़ोसियों ने बाहर से आवाज दी तो कोई रिस्पांस नहीं मिला। मोबाइल पर ट्राई करने पर भी घंटी बजती रही, लेकिन मोबाइल उठा नहीं।