एक माह से नहीं हुआ कहीं भी भू-धंसाव
पिछले एक माह से सुनील वार्ड, मनोहर बाग, सिंहधार, गांधीनगर और रविग्राम में भू-धंसाव नहीं हुआ है। जिस स्थानों पर दरारें पड़ी थीं वहां प्रशासन की ओर से पॉलिथीन और मिट्टी का भरान किया गया है। 10 फरवरी के बाद से कहीं भी नई दरारें नहीं दिखी हैं।
सिंहधार और सुनील वार्ड में आबादी क्षेत्र के निकट तीन बोल्डरों की सुरक्षा के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से लोहे के पाइप लगाए गए हैं, वहां भी यथास्थिति बनी हुई है। बोल्डरों के ईद-गिर्द जमीन में पुरानी दरारें अभी भी दिख रही हैं। जोशीमठ की एसडीएम कुमकुम जोशी ने बताया कि भू-धंसाव वाले क्षेत्रों में अब कहीं भी नई दरारें आने की रिपोर्ट नहीं आई है। सुनील और सिंहधार वार्ड में बोल्डरों की भी यथास्थिति बनी हुई है। भू-धंसाव पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोनिवि व संबंधित क्षेत्र के प्रभारियों से प्रतिदिन की रिपोर्ट मांगी जा रही है।