मसूरी में भारी ओलावृष्टि के कारण बारातियों से भरी एक महेंद्रा मैक्स जीप फिसलकर सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि इसमें सवार तीन बच्चों समेत 12 लोगों को गंभीर चोटें नहीं आई। कुछ को मामूली चोटें आईं थीं। पुलिस ने सभी को दूसरे वाहन में बैठाकर दून रवाना किया।
उत्तरकाशी से आ रही थी देहरादून
मंगलवार शाम करीब पांच बजे उत्तरकाशी से देहरादून आ रही बारात की महेंद्रा मैक्स (जीप) संख्या यूके 10 टीए 0154 मसूरी स्थित बाटाघाट के पास पलट गई। इस दौरान सड़क पर भारी मात्रा में ओले जमा थे।
गाड़ी ढलान में होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। जिसके चलते जीप सड़क पर ही पलट गई। हादसे में जीप में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए।
कुछ को हल्की चोटें
पुलिस के अनुसार कुछ बारातियों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन उन्होंने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। दूसरे वाहन का इंतजाम कर बारातियों को देहरादून के लिए रवाना कर दिया गया।