पिथौरागढ़ में जौलजीबी से मदकोट जा रही एक मैक्स जीप बलमरा नामक स्थान पर गोरी नदी में जा गिरी। एक व्यक्ति का शव बरामद हो गया है जबकि जीप और पांच अन्य सवारियों का कोई पता नहीं है। वाहन में चालक समेत छह लोग सवार बताए जा रहे हैं।
पुलिस, एसडीआरएफ, एसएसबी, आईटीबीपी और राजस्व पुलिस की टीम लापता लोगों की खोजबीन में जुटी है। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभारी डीएम विनोद गिरि गोस्वामी को रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी डीएम और एसपी रोशन लाल शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। प्रभारी डीएम ने बताया कि टनकपुर बैराज तक अलर्ट कर दिया गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे जीप (यूके 05 टीए 3674) जौलजीबी से 7 किमी आगे बलमरा नामक स्थान पर पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर गोरी नदी में जा गिरी।