04:04 PM, 22-Mar-2020
जनता कर्फ्यू के दौरान प्रदेशभर में जिला प्रशासन की टीम ने मॉक ड्रिल भी की। इस दौरान टीम ने मिलकर आपात स्थिति से निपटने की योजना बनाई। देहरादून में राजकीय गांधी शताब्दी एवं कोरोनेशन जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीसी रमोला ने मॉक ड्रिल के तहत एक चाय वाले को मरीज बनाकर शहर के सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान छिटपुट परिवारिक दिक्कतों को छोड़कर उन्हें सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद नजर आई। कई जगह पर डॉक्टर रमोला ने खुद गाड़ी चलाई और परिजनों को पीछे बैठाकर रखा।
उधर, राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भी कोरोना मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने और भर्ती करने से लेकर इलाज तक की व्यवस्थाएं जांचने के लिए मॉक ड्रिल की गई। मॉक ड्रिल में जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, दून मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आशुतोष सयाना, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा, डिप्टी एमएस डॉ. एनएस खत्री, डॉ. मनोज शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी महेंद्र सिंह भंडारी, संदीप राणा, दिनेश रावत समेत विभिन्न डॉक्टर, फार्मासिस्ट, नर्स, पैरामेडिकल और अन्य स्टाफ शामिल रहा। मॉक ड्रिल के तहत एक व्यक्ति को कोरोना संक्रमित मरीज दिखाते हुए कचहरी से दून अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान अधिकारियों से लेकर डॉक्टरों और कर्मचारियों में तालमेल नजर आया।