तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बाबा रामदेव की पतंजलि योगपीठ ने पूरे देश में अपने बैनर तले एक करोड़ लोगों को योग कराया। अहमदाबाद में 22 विश्व रिकॉर्ड स्थापित किए गए। जिन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया गया।
गुवाहाटी सहित देश के 12 स्थानों पर योग करने वाले साधकों की संख्या 60 हजार से ऊपर रही। पतंजलि ने छह लाख से अधिक स्थानों पर योग कराने का दावा किया है।
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि अहमदाबाद में तीन लाख लोगों ने एक साथ योग कर पतंजलि का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले वर्ष फरीदाबाद में डेढ़ लाख शिविरार्थियों ने एक दिन में योग करने का रिकार्ड बनाया था।
उन्होंने बताया कि उनकी अध्यक्षता में गुवाहाटी में हुए योग में 62 हजार साधकों ने भाग लिया। चंडीगढ़, भोपाल, नागपुर, रायपुर आदि सहित 12 स्थानों पर 60 हजार से अधिक साधकों ने एक स्थान पर योग किया। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट और पतंजलि योगपीठ की शाखाओं ने देश के सभी छह लाख गांवों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।