राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से कोविड की वजह से इस बार 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और सप्ताह ऑनलाइन मनाया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से डायट प्राचार्यों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को इसके लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।
उधर, युवा कल्याण विभाग की ओर से फिलहाल इसे लेकर कोई तैयारी नहीं है। एससीईआरटी के अपर निदेशक अजय कुमार नौडियाल की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि इस बार योग दिवस की थीम घर-घर योग है। इसका उद्देश्य है कि प्रत्येक परिवार नियमित रूप से योग करे और स्वस्थ जीवन शैली के रूप में योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करे।
उन्होंने कहा कि योग संबंधी प्रमुख गतिविधियां ऑनलाइन कराई जाएंगी। इसके लिए जिला स्तर पर ऑनलाइन योग दिवस या योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के बच्चों के लिए तीन से सात दिवसीय योगाभ्यास शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिसमें योग विशेषज्ञों द्वारा योग परिचर्चा एवं योगाभ्यास कराया जाएगा। युवा कल्याण विभाग के निदेशक गिरधारी सिंह रावत के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर फिलहाल किसी तरह के कार्यक्रम की तैयारी नहीं है।