गुरबत में जी रहीं अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक शूटर दिलराज कौर की मदद के लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण आगे आया है। प्राधिकरण की जिला सचिव नेहा कुशवाहा ने शुक्रवार को दिलराज कौर से बातचीत कर उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। सदस्य सचिव राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण राजीव कुमार खुल्बे ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही राज्य सरकार से वार्ता की जाएगी।
बता दें कि दिलराज कौर एक अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक शूटर हैं। वह अब तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में 26 गोल्ड, 08 रजत, 3 कांस्य पदक जीत चुकी हैं। दिलराज ने विभिन्न पैरा राष्ट्रीय व शूटिंग वर्ल्ड कप में टेक्निकल अफसर के रूप में भी कार्य किया है, लेकिन वर्तमान में दिलराज गुरबत में जीने को मजबूर हैं।
वह अपनी मां के साथ किराये के मकान में रहती हैं और कोरोना काल में फुटपाथ पर नमकीन-बिस्किट बेचकर जीवन यापन कर रही हैं। हैरत की बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने के बाद भी आज तक राज्य सरकार की ओर से दिलराज को कोई सम्मान नहीं दिया है। दिलराज कौर की हालत का अब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने संज्ञान लिया है और तत्काल जिला विधिक प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
नेहा कुशवाहा ने फोन पर दिलराज से बात की और अविलंब पराविधिक कार्यकर्ता जहांगीर आलम को उनके घर भेजकर बातचीत करने को कहा। नेहा कुशवाहा ने कहा कि यदि दिलराज को भविष्य में कोई विधिक सहायता की आवश्यकता होती है तो वह जिला विधिक प्राधिकरण से संपर्क कर सकती हैं।