उत्तरकाशी में सौर ऊर्जा परियोजनाएं लटकीं
उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत आए हुए आवेदन बीच में लटक गए हैं। ग्रिड फुल होने की वजह से छह सब स्टेशनों से जुड़े आवेदन की तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट (टीएफआर) यूपीसीएल ने रोक दी है, जिस कारण उरेडा भी इन प्रोजेक्ट को आवंटित नहीं कर रहा है। अब उत्तरकाशी के डीएम ने सचिव ऊर्जा को पत्र भेजकर छह सब स्टेशन के उच्चीकरण के लिए 59 करोड़ का बजट मांगा है।
ये भी पढ़े...उत्सव और उल्लास: हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की...देवभूमि में ऐसे मना कान्हा का जन्मोत्सव, तस्वीरें
डीएम मेहरबान सिंह बिष्ट की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि जिले में सोलर प्रोजेक्ट के लिए लगातार आवेदन आ रहे हैं। छह सब स्टेशन ऐसे हैं, जिनकी टीएफआर यूपीसीएल नहीं दे रहा है। न तो सब स्टेशन की क्षमता बची है और न ही फीडर भी लोड उठाने की स्थिति में हैं। इस वजह से उरेडा भी प्रोजेक्ट आवंटित नहीं कर रहा है।
उन्होंने बताया है कि भटवाड़ी, धौन्तरी सब स्टेशन की क्षमता में बढ़ोतरी और नए फीडर बनाने व पुराने फीडर के उच्चीकरण, कल्याणी, धनारीगाड़, चिन्यालीसौड़ के सब स्टेशन की क्षमता वृद्धि और 33 केवी व 11 केवी चालक का उच्चीकरण, गंगोरी में सब स्टेशन की क्षमता में वृद्धि और 11 केवी चालक का उच्चीकरण का कुल मिलाकर 59 करोड़ रुपये बजट की दरकार है। उन्होंने सचिव ऊर्जा से मांग की है कि बजट का प्रावधान कराया जाए, ताकि उस हिसाब से यूपीसीएल जल्द अपना इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करे और युवाओं को मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना का लाभ मिल सके।