उत्तराखंड में जर्जर सरकारी भवनों की सुध नहीं ली जा रही है। सोमवार को कंडीसौड़ (टिहरी) में सरकारी स्कूल की छत गिरने से सात बच्चे घायल हुए।
एक दिन बाद मंगलवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर सूचना केंद्र की छत की प्लास्टर गिरने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कोई यात्री इसकी चपेट में नहीं आया।
घटना सुबह सवा 11 बजे की है। शताब्दी एक्सप्रेस से हरिद्वार पहुंचे मुंबई के कुछ यात्री पर्यटन विभाग के सूचना केंद्र पर ऋषिकेश और नरेंद्रनगर कैसे जाया जाए। वहां रहने की क्या व्यवस्था है आदि की जानकारी ले रहे थे।
यात्री इधर-उधर भागने लगे
इसी बीच सूचना केंद्र की छत का प्लास्टर और पीओपी अचानक भरभराकर गिर गई। सूचना ले रहे यात्री इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर भीड़ जुटने और मलबे के कारण केंद्र पर करीब एक घंटे तक सूचना देने का काम पूरी तरह बंद रहा। पर्यटन विभाग की महिला कर्मचारी ने बताया कि जिला पर्यटन अधिकारी को सूचना केंद्र की जर्जर छत की सूचना दो माह पहले ही दे दी थी। लेकिन सुध नहीं ली गई।