टिहरी झील किनारे कोटी कालोनी की साहसिक खेल अकादमी में उत्तराखंड की दिशा और दशा पर राजनैतिक, सैन्य और सामाजिक क्षेत्र की बड़ी हस्तियां एक साथ जुटेंगी। राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाओं पर मंथन करेंगे।
रैबार कार्यक्रम में प्रशासन ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, पूर्व डीजीएमओ लेफ्टिनेंट अनिल भट्ट, प्रधानमंत्री के सचिव भास्कर खुल्बे, एयर इंडिया के अध्यक्ष और एमडी अश्विनी लोहानी, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक, रॉ के पूर्व प्रमुख अनिल धस्माना और हंस फाउंडेशन की माता मंगला को न्योता दिया है। ये सभी हस्तियां उत्तराखंड से ही हैं जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है।
रैबार-2 सम्मेलन में शिरकत करने तीन नवंबर को टिहरी पहुंच रहे देश की महान हस्तियों को दिन के भोज में उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। भोज में फांणा, चौंसा, मंडुवे की रोटी दी जाएगी। मीठे में टिहरी की प्रसिद्ध सिंगोरी मिठाई और झंगोरे की खीर दी जाएगी।
प्रदेश सरकार और हिल फाउंडेशन की पहल पर तीन नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रैबार-2 आवा आपुण घौर सम्मेलन कोटी कालोनी में आयोजित किया जा रहा है। फाउंडेशन के अर्जुन सिंह ने बताया कि पहाड़ की संस्कृति और परंपरा को प्रोत्साहन देेने के लिए रैबार कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
रैबार-2 कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार और हिल फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। प्रशासन के स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। शासन के स्तर पर वीवीआईपी को न्योता भेजा गया है।
-डा. वी षणमुगम, डीएम टिहरी