कंचन चौधरी भट्टाचार्य किरण बेदी के बाद देश की दूसरी महिला आईपीएस अधिकारी थीं। वे मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली थीं। उन्होंने राजकीय महिला महाविद्यालय, अमृतसर से पढ़ाई पूरी की। वहीं, पोस्ट-स्नातक स्तर की पढ़ाई अंग्रेजी साहित्य में दिल्ली-यूनिवर्सिटी से की। इनके जीवन से प्रेरणा लेकर दूरदर्शन पर एक सीरियल ‘उड़ान’ भी प्रसारित हो चुका है।
उन्हें मेक्सिको में 2004 में आयोजित इंटरपोल की बैठक में भारत की और से प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित किया गया था। 1997 में प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए उन्हें ‘राष्ट्रपति पदक’ भी मिल चुका है।
पूर्व डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य के निधन का समाचार सुनते ही उत्तराखंड पुलिस में भी शोक की लहर फैल गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 72 वर्षीय कंचन भट्टाचार्य लंबे समय से बीमार थीं।
बेहद सरल और सहज स्वभाव की कंचन चौधरी भट्टाचार्य ने उत्तराखंड पुलिस के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किए थे। उत्तराखंड पुलिस ने अपने फेसबुक पेज भी उनकी तस्वीर शेयर कर शोक व्यक्त किया।