प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर एक युवक ने फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी कर दी। इससे नाराज भाजपा युवा मोर्चा के नेताओं ने हंगामा किया। गंगनहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर भी पुलिस को दी। पुलिस युवक की फेसबुक आईडी खंगालने में जुट गई है।
सोशल साइट फेसबुक पर कुछ युवकों के बीच राजनीतिक दलों और नेताओं को लेकर टीका टिप्पणी चल रही थी। इसी बीच एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व संघ को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी।
कोतवाली में पहुंचे भाजपाई
फेसबुक से जुड़े शहर के भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की नजर जब इस टिप्पणी पर पड़ी तो उन्होंने स्क्रीन शॉट लेकर संगठन के पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। रविवार को कार्यकर्ता तहरीर और स्क्रीन शॉट लेकर कोतवाली गंगनहर पहुंचे और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने पहले एसएसआई महेश्वर पुर्वाल को पूरी कहानी बताई। इसके बाद भाजयुमो नेता दीपक पांडे, अंकित, गौरव, शुभम आदि ने कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फेसबुक आईडी के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है।